
कर्जमुक्ती योजना: पात्र किसान जल्द कराएं आधार प्रमाणीकरण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, । पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत पात्र किसानों से ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ पर जाकर आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील की गई है। पुणे ग्रामीण सहकारी संस्था के जिला उपनिबंधक प्रकाश जगताप ने कहा कि जिन किसानों का नाम कर्जमुक्ति सूची में है, वे आधार संख्या अथवा सूची में दिए गए विशिष्ट क्रमांक के साथ सेवा केंद्र पहुंचें।
प्रमाणीकरण से पहले किसानों का एग्रीस्टैक (Agristack) पंजीकरण सत्यापित किया जाएगा। पंजीकरण नहीं होने पर पहले उसका पंजीकरण कराया जाएगा, जिसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और रसीद प्रदान की जाएगी।
यदि आधार संख्या, ऋण खाता या बकाया राशि में कोई त्रुटि या असहमति हो तो संबंधित शिकायत दर्ज कर जिला स्तरीय समिति को भेजी जाएगी तथा किसान को शिकायत की रसीद दी जाएगी। अधिकारियों ने योजना का लाभ लेने के लिए पात्र किसानों से समय पर आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील की है।


