
प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवास शीघ्र पूर्ण करें: सीईओ जिला पंचायत
सीईओ ने हितग्राहियों से किया संवाद, निर्माण सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध कराने एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन के निर्देशन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत मऊगंज के सभाकक्ष में जिला पंचायत मऊगंज के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने हितग्राहियों के साथ समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा जिन हितग्राहियों के आवास अभी अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने हितग्राहियों से प्राप्त किस्तों का सदुपयोग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में आने वाली किसी भी व्यावहारिक कठिनाई के समाधान के लिए जनपद पंचायत प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत स्तर से हितग्राहियों का संपर्क अधिकृत निर्माण सामग्री विक्रेताओं (वेंडर्स) से कराया जाएगा, जिससे उन्हें सीमेंट, सरिया, ईंट एवं अन्य आवश्यक निर्माण सामग्री उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर उपलब्ध हो सके। इससे निर्माण लागत में कमी आएगी तथा आवास निर्माण कार्य में तेजी सुनिश्चित होगी। बैठक के दौरान ने प्रत्येक हितग्राही से वन-टू-वन संवाद कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी या संसाधनों के अभाव में अपना आवास अधूरा न छोड़े। जनपद पंचायत की पूरी टीम हितग्राहियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने योजना से संबंधित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ग्रामों में नियमित रूप से हितग्राहियों से संपर्क बनाए रखें, आवास निर्माण कार्य की सतत निगरानी करें तथा सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन निरंतर मॉनिटरिंग कर रहा है। पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में सभी मैदानी अमले को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मऊगंज परमानंद तिवारी, ब्लॉक समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना, एपीओ मनरेगा, जनपद पंचायत के समस्त पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
