इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

इटावा: जीरो पॉवर्टी से लेकर हर घर तिरंगा तक योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

इटावा: जीरो पॉवर्टी से लेकर हर घर तिरंगा तक योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा,। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्य घर योजना, आईजीआरएस, एक जनपद-एक नदी, गौशालाओं, प्राकृतिक खेती, एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा हर घर तिरंगा अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

जीरो पॉवर्टी अभियान पर विशेष जोर

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिकतम पात्र परिवारों को अंत्योदय राशन कार्ड से जोड़ा जाए तथा जन आरोग्य योजना के तहत लंबित सत्यापन अभियान चलाकर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित गरीब परिवारों को बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य और अन्य सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले। साथ ही 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

 

स्वच्छता और पीएम सूर्य घर योजना

 

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पीएम सूर्य घर योजना के तहत अगस्त 2026 तक 6,926 सोलर संयोजन के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए बैंक और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।

 

जल संरक्षण और एफएमडी नियंत्रण

 

बीबीजीरामजी योजना के तहत ग्राम स्तर पर जल संरक्षण कार्यों को तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान की नियमित निगरानी करने और सभी पालतू एवं निराश्रित गोवंश का निःशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बीमार गोवंश को तत्काल अलग कर उपचार कराने के भी निर्देश दिए गए।

 

आईजीआरएस और सिरसा नदी पुनर्जीवन

 

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि जनता की छोटी से छोटी शिकायत का भी गंभीरता से समाधान किया जाए। एक जनपद-एक नदी अभियान के तहत सिरसा नदी के पुनर्जीवन कार्यों और नदी किनारे व्यापक वृक्षारोपण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

 

प्राकृतिक खेती और हर घर तिरंगा अभियान

 

बैठक में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि, पशुपालन और पंचायत विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। गौशालाओं को प्राकृतिक खेती से जोड़ने और किसानों को जीवामृत एवं अन्य प्राकृतिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया गया। इसके साथ ही आगामी हर घर तिरंगा अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक अधिकारी की तैनाती कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button