
म्हाडा की लंबित आवास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, जल्द होगी बड़ी हाउसिंग लॉटरी: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
मुंबई। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने म्हाडा (महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण) की लंबित आवास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और आम नागरिकों के लिए जल्द बड़ी हाउसिंग लॉटरी घोषित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किफायती आवास उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन फ्लैटों को दो या अधिक बार लॉटरी में खरीदार नहीं मिले हैं, उनकी बिक्री ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व’ आधार पर की जाए, ताकि खाली मकानों का शीघ्र आवंटन हो सके।
उन्होंने छात्रों और नौकरीपेशा महिलाओं की जरूरतों को देखते हुए वर्किंग वुमन हॉस्टल और छात्रावास किराये के आधार पर उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुणे के शिरूर और खराबवाड़ी आवास परियोजनाओं को शीघ्र प्रशासनिक मंजूरी देने, दापोडी में 8 से 10 हजार आवासों की परियोजना को आगे बढ़ाने, म्हाळुंगे-इंगळे परियोजना के लिए सड़क, जलापूर्ति और एसटीपी का काम जल्द पूरा करने तथा खराड़ी स्थित म्हाडा भूमि से डाक विभाग का आरक्षण हटाकर परियोजना को गति देने के निर्देश भी दिए गए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए और प्रत्येक प्रस्ताव की नियमित समीक्षा कर आम नागरिकों को जल्द से जल्द किफायती आवास उपलब्ध कराया जाए।

