
JPSC-JSSC परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ भूख हड़ताल, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ी तबीयत
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रांची झारखंड
रांची। झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। लगातार उपवास के चलते उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही है।
महतो के मुताबिक, डॉक्टरों ने उनकी जांच के बाद शुगर और ब्लड प्रेशर कम होने तथा शरीर में डिहाइड्रेशन की बात कही है। चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है, लेकिन वह फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर ही डटे हुए हैं।
डॉक्टरों ने जताई गंभीर चिंता
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि उन्हें बोलने में काफी परेशानी हो रही है। उनके अनुसार डॉक्टरों ने छाती में संक्रमण की भी बात कही है और लगातार गिरती सेहत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य इसी तरह बिगड़ता रहा तो स्थिति गंभीर हो सकती है। फिलहाल वह केवल सुन और सोच पा रहे हैं तथा धीरे-धीरे बोल पा रहे हैं।
सरकार के साथ हुई बातचीत
छात्रों की मांगों को लेकर सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत का दौर भी शुरू हुआ है। शुक्रवार देर रात जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक हुई।
आंदोलन में देवेंद्र नाथ महतो के अलावा पांच अन्य लोग भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर बातचीत और सुझाव लेने की बात कही गई है। हालांकि आंदोलनकारी छात्रों की ओर से अभी तक किसी अंतिम समाधान की घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता देवेंद्र नाथ महतो की लगातार बिगड़ती सेहत को लेकर है। अस्पताल में भर्ती होने की चिकित्सकीय सलाह के बावजूद उनका प्रदर्शन स्थल पर बने रहना प्रशासन और आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

