
देशभक्ति के रंग में रंगेगा ‘वंद्य वंदे मातरम्’ मेला
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे। भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर शिक्षण प्रसारक मंडली पुणे, पवित्रम फाउंडेशन और संस्कार भारती, पुणे महानगर के संयुक्त तत्वावधान में ‘वंद्य वंदे मातरम्—मेला देशभक्ति का’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार, 15 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक टिळक रोड स्थित सर परशुरामभाऊ महाविद्यालय परिसर में यह मेला आयोजित होगा। यह जानकारी शिक्षण प्रसारक मंडली के नियामक मंडल अध्यक्ष सुधीर काळकर ने पत्रकार वार्ता में दी।
पत्रकार वार्ता में शिक्षण प्रसारक मंडली के नियामक मंडल उपाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, महाविद्यालयीन विकास समिति के सदस्य एवं अध्यक्ष तुषार कुलकर्णी, सदस्य एवं विनाअनुदानित विभाग के अध्यक्ष पराग ठाकुर, सचिव रमा कुलकर्णी तथा कार्यक्रम समन्वयक प्रा. डॉ. अविनाश मोहरील उपस्थित रहे।
मेले में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारत माता का पूजन एवं अभिवादन, 150 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, रक्तदान शिविर, ‘एक राखी सैनिकों के लिए’ अभियान, सूर्य नमस्कार, मल्लखंभ, लाठी-काठी एवं मर्दानी खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा देशभक्ति गीत, भजन, पोवाड़े और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
कार्यक्रम में चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कलाकृतियों की प्रदर्शनी, स्वदेशी, खादी, पुस्तकों, खाद्य पदार्थों और सामाजिक उपक्रमों के स्टॉल लगाए जाएंगे। भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी प्रदर्शनी तथा भारतीय पारंपरिक शस्त्रों का विशेष प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इसके साथ ही अंगदान एवं नेत्रदान जनजागरण अभियान, शंखनाद के मंगल स्वर के साथ राष्ट्रभक्ति का जागरण और राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने वाला प्रेरणादायी कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने पुणे के नागरिकों से इस मेले में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, युवा, शिक्षक और नागरिक सहभागी होकर देशभक्ति के इस आयोजन का अनुभव लें, ऐसा आवाहन भी किया गया है।



