
ऑन पेडल्स साइकिल रैली का आयोजन, 6 हजार से अधिक साइकिल सवारों के शामिल होने की उम्मीद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं संसदीय स्थायी समिति (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन) की अध्यक्ष प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी की पहल पर हर वर्ष आयोजित होने वाली ‘पुणे ऑन पेडल्स’ साइकिल रैली इस वर्ष 13 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 6 बजे आयोजित की जाएगी।
डॉ. मेधा कुलकर्णी ने बताया कि साइकिल के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पिछले छह वर्षों से इस आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। पुणे की पहचान ‘साइकिल के शहर’ के रूप में रही है। साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। इस वर्ष रैली में 6 हजार से अधिक साइकिल सवारों के शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यह रैली केवल साइकिल चलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देने वाला अभियान है। नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और साइकिल प्रेमियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
रैली का मार्ग: बाल शिक्षण मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल, मयूर कॉलोनी, कोथरूड से शुरुआत होगी। रैली कर्वे रोड, गुडलक चौक, डेक्कन जिमखाना बस स्टॉप, छत्रपति संभाजी महाराज प्रतिमा, खंडोजी बाबा चौक और सावरकर स्मारक होते हुए कर्वे रोड के रास्ते वापस बाल शिक्षण मंदिर स्कूल पहुंचेगी।
फैमिली वॉकथॉन भी इसी स्थान से शुरू होकर कर्वे रोड, नल स्टॉप होते हुए वापस स्कूल पहुंचेगा। जिन विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के पास साइकिल नहीं है, वे वॉकथॉन में शामिल हो सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, जरूरतमंद बच्चों को इस अवसर पर मुफ्त साइकिलें भी वितरित की जाएंगी। रैली में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को पदक, प्रमाणपत्र और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया जाएगा। सहभागियों से अपनी साइकिल और पानी की बोतल साथ लाने की अपील की गई है।


