मध्य प्रदेशरीवा

उप मुख्यमंत्री लक्ष्मणबाग में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव में हुए शामिल

उप मुख्यमंत्री लक्ष्मणबाग में आयोजित जन्माष्टमी उत्सव में हुए शामिल

 

उप मुख्यमंत्री ने भावविभोर होकर कृष्ण स्वरूप नन्हे बालक को गोद में लेकर किया दुलार

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा : रीवा स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लक्ष्मणबाग परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

 

भक्तिमय वातावरण के बीच उपमुख्यमंत्री ने सबसे पहले लक्ष्मणबाग स्थित गौशाला पहुँचकर श्रीकृष्ण भगवान के सबसे प्रिय गौवंश का विधि-विधान से पूजन किया और उन्हें गुड़ खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गौ-सेवा के उपरांत उन्होंने परिसर में स्थापित प्रमुख देवालयों राम दरबार, भगवान द्वारिकाधीश तथा बद्रीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर सभी नागरिकों की सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की मंगल कामना की।

 

समारोह के दौरान विभिन्न स्कूली बच्चों ने राधा-कृष्ण और बलराम के मनभावन स्वरूप धारण कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के अभिनय और नृत्य से पूरा परिसर ‘गोकुल’ के रंग में रंग गया। उपमुख्यमंत्री बाल स्वरूपों की भक्तिमय प्रस्तुति से अभिभूत दिखे और उन्होंने कृष्ण रूप धरे एक छोटे बालक को भावविभोर होकर गोद में उठाकर दुलार किया।

 

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में से एक ‘मटकी फोड़ प्रतियोगिता’ का आयोजन भी परिसर में उत्साहपूर्वक किया गया, जिसका उपमुख्यमंत्री सहित उपस्थित जनसमूह ने आनंद लिया। उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन दर्शन हमें सत्य, निष्काम कर्म और प्राणीमात्र की सेवा का मार्ग दिखाता है। पूरे लक्ष्मणबाग परिसर में दिनभर “जय श्री कृष्णा” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों की गूंज बनी रही।

 

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button