मधुमक्खी पालन से किसान बढ़ा सकते हैं अतिरिक्त आय
16 सितंबर से शुरू होगा 90 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैय:। जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि मधुमक्खी पालन किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुपूरक कृषि व्यवसाय है। इसे अपनाकर किसान कम भूमि और कम पूंजी में अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। मधुमक्खियां शहद उत्पादन के साथ-साथ फसलों में पर-परागण के माध्यम से पौधों की जीवितता एवं उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ ऐसे अनुपूरक व्यवसाय अपनाने की आवश्यकता है, जिनमें कम पूंजी और कम भूमि की जरूरत हो। वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन अपनाकर किसान कम लागत में बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा वैज्ञानिक ढंग से मौन पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र, सहारनपुर एवं बस्ती तथा अधीक्षक राजकीय उद्यान, प्रयागराज में 16 सितंबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक 90 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण विभाग की ओर से निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। इच्छुक किसान प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, औरैया, कमरा नंबर 24 एवं 25, प्रथम तल, विकास भवन, ककोर में संपर्क कर सकते हैं।


