
उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने प्रमुख गणेश मंडलों का किया दौरा
मंडल पदाधिकारियों को मनपा की तैयारियों की जानकारी; मेट्रो, पुलिस और मनपा प्रशासन को आवश्यक नियोजन के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। गणेशोत्सव की पृष्ठभूमि में पुणे के उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने शहर के प्रमुख गणेश मंडलों का दौरा कर उत्सव के मद्देनजर की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मानाचा पांचवा गणपति केसरीवाड़ा, श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति, श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी मंडल, अखिल मंडई मंडल और साने गुरुजी मंडल का दौरा कर मंडल पदाधिकारियों से संवाद किया।
गणेशोत्सव के दौरान महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों के साथ ही देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुणे पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका की ओर से की गई सुविधाओं और उपाययोजनाओं की जानकारी वाडेकर ने ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियों की भी समीक्षा की।
वाडेकर ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान शहर के प्रमुख गणेश मंडलों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेट्रो सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मेट्रो के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिक शहर के मध्यवर्ती क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं, जिससे यातायात का दबाव कम करने के साथ श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष हिंजवड़ी मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद मेट्रो यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए आगामी गणेशोत्सव के लिए महानगरपालिका और मेट्रो प्रशासन को अभी से आवश्यक नियोजन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख गणेश मंडलों के आसपास बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से विशेष उपाययोजना करने की आवश्यकता पर भी वाडेकर ने जोर दिया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उन्होंने पुलिस प्रशासन से की।
गणेशोत्सव पुणे के सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण पर्व है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु शहर के मानाचे और प्रमुख गणेश मंडलों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए महानगरपालिका, मेट्रो प्रशासन, पुलिस और गणेश मंडलों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है, ऐसा उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने कहा।


