उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम याकूबपुर में आयोजित हुआ आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम याकूबपुर में आयोजित हुआ आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम

राज्यसभा सदस्य श्रीमती गीता शाक्य ने गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई एवं बच्चों का कराया अन्नप्राशन, पोषण के प्रति किया जागरूक।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड सहार के ग्राम याकूबपुर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय राज्यसभा सदस्य श्रीमती गीता शाक्य ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित महिला एवं बाल विकास तथा पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान माननीय राज्यसभा सदस्य श्रीमती गीता शाक्य ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक एवं संतुलित व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं एवं ग्रामीणों को कम लागत में घर पर तैयार किए जा सकने वाले पौष्टिक आहार की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बताया कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के दैनिक आहार में विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उचित पोषण स्वस्थ परिवार की आधारशिला

माननीय राज्यसभा सदस्य श्रीमती गीता शाक्य ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज की आधारशिला उचित पोषण और बेहतर स्वास्थ्य से रखी जाती है। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उन्हें उनकी आयु के अनुरूप संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर परिवार के साथ-साथ समाज को भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किशोरी बालिकाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि स्वस्थ किशोरियां ही भविष्य में स्वस्थ मातृत्व की मजबूत आधारशिला बनती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की, कि वे अपने बच्चों तथा परिवार की महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति विशेष जागरूक रहें और आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं।

योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर राज्यसभा सदस्य ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि शासन द्वारा संचालित पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है। कुपोषण जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से संभव है।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं संबंधित विभागीय कार्मिकों द्वारा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं के लिए उपलब्ध पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बच्चों के नियमित वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा पौष्टिक भोजन की उपयोगिता के संबंध में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से “सशक्त परिवार, स्वस्थ समाज और सुपोषित बचपन” की दिशा में जन-जागरूकता बढ़ाने तथा पोषण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया,जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, खण्ड विकास अधिकारी सहार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे, किशोरी बालिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं संबंधित विभागीय अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button