
समस्याओं के त्वरित समाधान से मजबूत हो रहा शासन का विश्वास
पहाड़ी ग्राम में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर, विधायक एवं कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं
विद्यार्थियों से किया संवाद, शिक्षकों से पढ़ाई और उपस्थिति की ली जानकारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहाड़ी में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल , भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र मिश्रा एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त कई प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों पर नियमानुसार समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में विधायक श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि मऊगंज जिले में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण कार्य जारी है, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संदीपनि स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई के माध्यम से उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल नागरिकों की समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि जनविश्वास शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इन शिविरों से आमजन का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।
कक्षा में पहुंचे विधायक-कलेक्टर, विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर परखी पढ़ाई
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहाड़ी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, उपस्थिति एवं विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। कक्षा 9वीं में पहुंचकर विद्यार्थियों से हिंदी के वाक्यों का अंग्रेजी में अनुवाद कराया और उनके उत्तरों के माध्यम से विषय की समझ एवं शैक्षणिक स्तर को परखा। कलेक्टर ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन-अध्यापन की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म में विद्यालय आने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उद्यमियों से संवाद, उद्योग विस्तार में प्रशासन देगा सहयोग
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान विधायक श्री पटेल , भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र मिश्रा एवं कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्थानीय उद्यमियों से संवाद कर उनके अनुभवों एवं सुझावों की जानकारी ली। उद्यमी भीमसेन गुप्ता ने किराना व्यवसाय, पुष्पेंद्र प्रसाद गुप्ता ने तेल एवं आटा चक्की तथा हार्डवेयर और आशुतोष गुप्ता ने ऑयल मिल एवं आटा चक्की उद्योग के संचालन की जानकारी दी। विधायक श्री पटेल ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्यमिता को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। कलेक्टर श्री जैन ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उद्योगों के विस्तार के लिए आवश्यक विभागीय अनुमतियों एवं प्रक्रियाओं में प्रशासन द्वारा समन्वय कर सहयोग प्रदान किया जाएगा। शिविर में लाड़ली लक्ष्म योजना के तहत श्रेया गुप्ता को हितलाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई । शिविर में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों को अधिकारी उपस्थित रहे।

