
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र कांधिनी में प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत, विभिन्न केंद्रों पर हुए गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 25, 28 और 29 सितंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें हेल्दी बेबी शो प्रतियोगिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा बहनों तथा स्वास्थ्य सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभिभावकों को सम्मानित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बढ़पुरा विकासखंड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र कांधिनी में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सुरभि मिश्रा, संगीता देवी एवं सुनीता देवी, आशा कार्यकत्री रिंकी तथा एएनएम पूर्णिमा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा रेसिपी प्रतियोगिता और हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं सदर विधायक सरिता भदौरिया ने शहर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र कटरा शमशेर खां, लाला लाजपत राय, लालपुरा, पक्का तालाब और अशोक नगर द्वितीय का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहनों और अभिभावकों को सम्मानित किया। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार भी कराए गए। इस अवसर पर लाभार्थियों को पोषाहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूक किया गया।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े विषयों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।



