कचहरी में विवाहिता के परिजनों और ससुरालियों में मारपीट
इटावा यूपी: कचहरी में तारीख पर आए विवाहिता के परिजनों और ससुुरालियों में बेल्ट और जूते-चप्पल चल गए। पीड़ित महिला की तहरीर पर तीन ससुरालियों और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सैफई थाना क्षेत्र के नग्ला वैस निवासी रवि की शादी कन्नौज के थाना सौरिख के गांव किर्राना निवासी रागिनी से हुई थी। करीब पांच माह से घरेलू विवाद चल रहा है। रागिनी मायके में रह रही है। इटावा न्यायालय में केस चल रहा है। शुक्रवार को दोनों की तारीख थी। रागिनी फुफेरे भाइयों के साथ मायके सौरिख से कोर्ट पहुंची। वहीं पति रवि, उसके पिता, बहनोई भी थे। दोनों पक्षों में सुबह 11 बजे कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। तिराहे तक दोनों पक्ष पहुंच गए तो वकीलों ने बीच बचाव किया। डीएम अवनीश राय, एडीएम जयप्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गोंड भी मौके पर पहुंचे। उनके सामने ही रागिनी फफकने लगी। उसने मारपीट का आरोप लगाया।