
राज्य सरकार की कृषि नीति को मजबूती, सीतामढ़ी में बीज प्रसंस्करण इकाई और गोदाम का उद्घाटन
बीज उत्पादन और प्रसंस्करण को मिलेगा प्रोत्साहन
कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता:
माननीय उप मुख्यमंत्री-सह-कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा जी ने सीतामढ़ी जिले के मुरादपुर में 1 टन प्रति घंटा क्षमता वाले बीज प्रसंस्करण इकाई तथा 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के माननीय मंत्री श्री मोतीलाल प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सीतामढ़ी नगर के माननीय विधायक श्री मिथिलेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उक्त अवसर पर जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडे भी उपस्थित थे।इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विभाग के सचिव श्री संजय कुमार अग्रवाल ने की।
माननीय उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उद्घाटन राज्य सरकार की उस नीति के अंतर्गत किया गया है जिसके तहत किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने एवं प्रसंस्करण की आधारभूत संरचना को मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से सीतामढ़ी जिले में 300 हेक्टेयर क्षेत्रफल में खेती करने वाले 407 किसानों को 300 क्विंटल गेहूं का आधार बीज उपलब्ध कराया गया है। इससे अनुमानित 10,500 क्विंटल प्रमाणित गेहूं बीज का उत्पादन किया जाएगा, जिसका भंडारण और प्रसंस्करण अब जिले में ही संभव होगा। इससे न केवल किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सकेगा, बल्कि बीज की गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
श्री सिन्हा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसान सशक्त हों, उन्हें आधुनिक सुविधाएं मिले और कृषि उत्पादन के हर स्तर पर स्थानीय संसाधनों का उपयोग हो। सीतामढ़ी में स्थापित यह प्रसंस्करण इकाई और गोदाम इसी दिशा में एक प्रभावशाली प्रयास है, जो न केवल जिले के किसानों को लाभान्वित करेगा, बल्कि क्षेत्रीय कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। यह राज्य सरकार की कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल राज्य सरकार की हर खेत तक गुणवत्तायुक्त बीज की परिकल्पना को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी और आने वाले वर्षों में अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को माननीय मंत्री जी के द्वारा 80% अनुदानित दर पर मूंग एवं उड़द फसलों के बीज का वितरण किया गया



