
सीतामढ़ी में जिला पदाधिकारी ने लोक शिकायतों की सुनवाई कर दिया त्वरित समाधान, जनता दरबार में 86 मामलों पर की गई कार्रवाई
सीतामढ़ी, (विशाल समाचार संवाददाता):आम जनता के सर्वांगीण विकास और समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने आज लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत द्वितीय अपील के 07 मामलों की सुनवाई की।
इस दौरान संबंधित अपीलार्थी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। दोनों पक्षों की विस्तृत सुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी श्री पांडेय ने सभी मामलों में तर्कसंगत और विधिसम्मत आदेश जारी किए।
इसके अतिरिक्त, समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 86 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, अर्जित भूमि का मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा, वृद्धावस्था एवं विकलांगता पेंशन, नल-जल योजना, नाली निर्माण, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, UDID कार्ड निर्माण एवं परिमार्जन जैसे विषय शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्राप्त आवेदनों पर विधिसम्मत और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, जिन्हें निर्देशित किया गया कि वे जनता की समस्याओं के समाधान हेतु संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
–


