मध्यान भोजन योजना में गड़बड़ी की शिकायत पर डीएम ने की त्वरित कार्रवाई, दो अधिकारियों का वेतन स्थगित
सीतामढ़ी( विशाल समाचार संवाददाता): बैरगनिया प्रखंड में मध्यान भोजन योजना में अनियमितताओं की शिकायत पर जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दो अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
कामिनी पटेल, बैरगनिया द्वारा दायर शिकायत में प्रखंड संसाधन सेवी (बीआरपी) मनोज कुमार एवं राज्य खाद्य निगम बैरगनिया के सहायक गोदाम प्रबंधक (एजीएम) राहुल कुमार सिंह पर मध्यान भोजन योजना में गड़बड़ी और अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा मामले की विस्तृत जांच एवं सुनवाई की गई। जांच में दोनों अधिकारियों के विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए। इसके आधार पर जिलाधिकारी ने मनोज कुमार एवं राहुल कुमार सिंह के वेतन को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश जारी किया है।
जिलाधिकारी श्री पांडेय ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
–


