
महुआवा पंचायत में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन
सीतामढ़ी( विशाल समाचार) बथनाहा प्रखंड के महुआवा पंचायत अंतर्गत लछुआ गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में बुधवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने की, जबकि मंच संचालन पंचायत मुखिया श्री संजीव भूषण गोपाल ने किया।

जन संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को जानना और प्रशासनिक सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुँचाना है। इस अवसर पर उन्होंने महुआवा पंचायत में दो नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहाँ लाभुकों के आवेदन लिए गए और कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में जीविका समूह की महिलाओं को 60 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से बालिकाओं को बेबी किट वितरित की गई।
लाभुकों के बीच राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, अंत्येष्टि सहायता राशि, आवास की चाबी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक मिथिला पाग और शॉल से अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने राजकीय मध्य विद्यालय लछुआ में नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की भागीदारी रही। मौके पर एसडीएम श्री संजीव कुमार, एसडीपीओ श्री आशीष आनंद, डीपीआरओ श्री कमल सिंह समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित
थे।



