
जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कल देर शाम समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
सीतामढ़ी (विशाल समाचार):जिलाधिकारी,श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में आज विमर्श सभा कक्ष में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतों में कार्यरत पंचायत स्तरीय कर्मियों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही परिलक्षित होने पर संबंधित बीडीओ के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित उप विकास आयुक्त एवं अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देशित किया कि वे इस व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। निर्देशानुसार अब अपर समाहर्ता, राजस्व प्रतिदिन निर्धारित समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा करेंगे। वहीं उप विकास आयुक्त द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की निगरानी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि न केवल वरीय अधिकारी, बल्कि सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी भी अपने अधीनस्थ प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
इस संबंध में उप विकास आयुक्त ने बताया कि प्रशासनिक अनुशासन, उत्तरदायित्व और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारें और आमजन को लाभान्वित करें।
(2) जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में महिला संवाद, “आपका शहर आपकी बात” एवं डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान पर समीक्षात्मक बैठक आयोजित*
विमर्श सभा कक्ष में आज जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में महिला संवाद कार्यक्रम, “आपका शहर आपकी बात” एवं डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं आकांक्षाओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्राप्त आकांक्षाओं के निष्पादन में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य में शिथिलता बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के क्रम में यह बात सामने आई कि कुछ शिविरों में शिविर प्रभारी अनुपस्थित पाए गए हैं। इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे सभी अनुपस्थित प्रभारियों को चिन्हित कर उनका वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी श्री पांडेय ने कहा कि प्रशासनिक जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखते हुए सभी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन जनहित में प्रभावी ढंग से किया जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त अभियानों की निगरानी नियमित रूप से की जाए और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में डीडीसी श्री मनन राम, अपर समाहर्ता राजस्व संदीप कुमार,अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृज किशोर पांडे के साथ सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।



