
इटावा में आंधी-तूफान से दो की मौत, कई घायल; बिजली आपूर्ति बाधित
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 21 मई की रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि तहसील सदर और जसवंतनगर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है। दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तूफान में तहसील सदर में दो और भरथना में एक व्यक्ति घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में निःशुल्क इलाज कराया जा रहा है। आंधी से जिले में 10 कच्चे मकान/झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
विद्युत आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। 33 केवीए के 22 विद्युत स्टेशन में ब्रेकडाउन हुआ, जिनमें से 7 को बहाल कर दिया गया है और 15 पर काम जारी है। 11 केवीए की 90 लाइनें बंद हैं, जिन्हें अगले 2-3 घंटे में बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटा हुआ है


