
इटावा: निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए विद्यालयों की दशा सुधारने के निर्देश
इटावा विशाल समाचार संवाददाता
जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति/निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक गुरुवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
डीएम ने सबसे पहले विद्यालयों में शौचालय व्यवस्था पर चर्चा की और दिव्यांग छात्रों के लिए अलग से शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में बच्चों की संख्या अधिक है, वहां रंगाई-पुताई, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में उपस्थित रिटायर्ड अध्यापकों से जिलाधिकारी ने अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा के लिए समय दें। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्र के विद्यालयों की सूची तैयार करें, ताकि इच्छुक रिटायर्ड अध्यापक वहां बच्चों को पढ़ा सकें।
डीएम ने सभी एबीएसए को निर्देश दिए कि वे नगरीय विद्यालयों का निरीक्षण करें और बच्चों के अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उन्हें बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का माहौल बेहतर बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक बच्चे स्कूल आएं।
जिलाधिकारी ने आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास को नियमित रूप से संचालित करने तथा खराब उपकरणों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बच्चों के स्वास्थ्य और मिड डे मील की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी बच्चों को निपुण बनाने और कम लर्निंग आउटकम वाले छात्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद विनय मणि त्रिपाठी, रिटायर्ड अध्यापक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

