
भीम नगर पुनर्वसन योजना विवाद : मंत्री चंद्रकांत पाटील का निर्देश
पुणे: पुणे के एरंडवणे स्थित भीम नगर झोपड़पट्टी पुनर्वसन योजना में झोपड़पट्टी धारकों के साथ हो रही कथित धोखाधड़ी और जबरन 9 किलोमीटर दूर पुनर्वसन के विरोध में नागरिकों ने हाल ही में मंत्री चंद्रकांत पाटील के कार्यालय पर बिऱ्हाड मोर्चा निकाला था। नागरिकों ने आरोप लगाया कि बिल्डर द्वारा फर्जी लाभार्थी बनाकर असली रहिवासियों को दूर ले जाने की साजिश की जा रही है, जिससे उनका रोजगार और सामाजिक जीवन प्रभावित होगा।
इस आंदोलन के बाद मंत्री चंद्रकांत पाटील ने झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीलेश गटणे को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में भीम नगर वासियों की फसवणूक न हो। जरूरत पड़ी तो नागरिकों को और अधिक सुविधाएं दी जाएं या फिर पूरी योजना रद्द कर दी जाए। मंत्री ने रहिवासियों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की पूरी रक्षा की जाएगी और बिल्डर द्वारा की जा रही गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस मुद्दे पर आगे की चर्चा के लिए शुक्रवार को विशेष बैठक बुलाई गई है, जिसमें नागरिकों की समस्याओं और सुझावों के आधार पर अगला निर्णय लिया जाएगा। आंदोलनकारियों ने मंत्री के रुख का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे बिल्डर की मनमानी पर रोक लगेगी और भीम नगर वासियों को न्याय मिलेगा



