
जिलाधिकारी ने किया अनुमंडलीय अस्पताल बेलसंड का औचक निरीक्षण।
कुणाल किशोर सीतामढ़ी संवाददाता
सीतामढ़ी: जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय द्वारा आज अनुमंडलीय अस्पताल, बेलसंड का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने दोनों पदाधिकारियों के एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में नीति आयोग के मद से ₹51.60 लाख की लागत से निर्माणाधीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इस योजना का क्रियान्वयन बीएमएसआईसीएल (BMSICL) द्वारा किया जा रहा है। कार्य में विलंब को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने डीजीएम, बीएमएसआईसीएल को 10 जुलाई 2025 तक कार्य पूर्ण कराने का सख्त निर्देश दिया।

अस्पताल में साफ–सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। साथ ही जिलाधिकारी ने ओपीडी, लैब टेस्ट, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, दवा उपलब्धता और वितरण की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इंस्टिट्यूशनल डिलीवरी के निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रयासों में तेजी लाने का निर्देश दिया तथा अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे सेवाओं की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा
स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। अस्पतालों को बेहतर सेवाएं, समय पर उपस्थिति, और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करनी होगी। आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



