
मतदान केंद्रों के प्रारूप पर प्राप्त 28 दावा-आपत्तियों पर हुई विस्तृत चर्चा, अंतिम प्रस्ताव पर आम सहमति
ब्यूरो विशाल समाचार सीतामढ़ी
सीतामढ़ी: आगामी पंचायत उप निर्वाचन के मद्देनजर मतदान केंद्रों के प्रारूप प्रकाशन पर प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण हेतु आज समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने की।
बैठक में बथनाहा विधायक अनिल कुमार, शिवहर सांसद प्रतिनिधि नागेंद्र प्रसाद सिंह, जद (यू) से सुदेश कुमार शाही, भाजपा से अरुण गोप, राजद से गौहर शमी, कांग्रेस से रकटू प्रसाद, लोजपा (आर) से हरिनारायण पासवान, बसपा जिलाध्यक्ष सहदेव राम, रालोसपा से मोहम्मद संजीर आलम मंसूरी सहित बेलसंड एवं बाजपट्टी विधायक प्रतिनिधिगण और सीपीआई (एम) के सचिव उपस्थित थे।
उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने जानकारी दी कि प्रारूप प्रकाशन के उपरांत कुल 28 दावा-आपत्तियाँ प्राप्त हुई थीं, जिन पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। विचार-विमर्श के पश्चात कुछ दावा-आपत्तियों को स्वीकार करते हुए आवश्यक संशोधन किए गए, जबकि कुछ आपत्तियों को अस्वीकृत कर दिया गया।
चर्चा के उपरांत सभी प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के अंतिम प्रस्ताव को अनुमोदन हेतु निर्वाचन आयोग को भेजने पर सहमति जताई।
इस अवसर पर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी उपस्थित थे।



