
जन समस्याओं के समाधान के लिए समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित, 125 से अधिक मामलों की सुनवाई
सीतामढ़ी ब्यूरो विशाल समाचार
आम जनता की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 125 से अधिक नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत कीं।
जनता दरबार में भूमि विवाद, मुआवजा भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विकलांगता पेंशन, दिव्यांगों के UDID कार्ड, भूमि मापी, अतिक्रमण, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, नल-जल योजना, नाली निर्माण, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवा से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में नियमानुसार तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
इसके साथ ही, लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत द्वितीय अपील के कुल 18 मामलों की भी सुनवाई की गई, जिनमें से 4 मामलों में आदेश पारित किया गया।
जिलाधिकारी श्री पांडेय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निपटारे में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनहित में इस प्रकार के आयोजन आम लोगों और प्रशासन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बन रहे हैं, जिससे शासन की योजनाएं प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंच रही हैं।



