कलेक्टर ने छत का प्लास्टर गिरने की घटना पर प्राचार्य को दिया नोटिस
ब्यूरो विशाल समाचार संवाददाता
मऊगंज . संदीपनि उमावि देवतालाब में 10 जुलाई को छत का प्लास्टर टूटकर गिरने की घटना पर कलेक्टर संजय कुमार जैन ने प्राचार्य अशोक कुमार मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विद्यालय के कक्ष क्रमांक पाँच में हुई इस घटना में अध्ययनरत छात्रा प्रियांसु द्विवेदी और रेनु मिश्रा को चोट पहुंची थी। कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस के अनुसार विद्यालय भवन के कमरों की छत के प्लास्टर कई जगह जर्जर स्थिति में हैं। प्राचार्य द्वारा जर्जर भवन के मरम्मत कार्य को गंभीरता से नहीं लिया गया। विद्यालय की व्यवस्था, मरम्मत, रख-रखाव की सम्पूर्ण जवाबदारी प्राचार्य की है। प्राचार्य की लापरवाही से शासन की छवि धूमिल होने के साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों के मन में भय की भावना उत्पन्न हुई है। प्राचार्य का यह कृत्य लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं कर्तव्यों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उपनियम में प्रावधानिक नियमों के प्रतिकूल होने से मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत दण्डनीय है। कलेक्टर ने प्राचार्य को जारी नोटिस का जवाब तीन दिवस के अंदर समक्ष में उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न पाए जाने की स्थिति में प्राचार्य के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए प्राचार्य स्वयं जिम्मेवार होंगे।


