
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त संचालन हेतु सीतामढ़ी में विशेष तैयारी
सीतामढ़ी | ब्यूरो विशाल समाचार
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार पटना द्वारा आयोजित बिहार पुलिस सिपाही पद की लिखित परीक्षा दिनांक 16 जुलाई, 20 जुलाई, 23 जुलाई, 27 जुलाई, 30 जुलाई 2025 एवं 03 अगस्त 2025 को दोपहर 12:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक एकल पाली में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सीतामढ़ी जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।
परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु आज समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी द्वारा परीक्षा में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा पूर्ण रूप से निष्पक्ष, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि न हो। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कदाचार अथवा लापरवाही की शिकायत प्राप्त होती है, तो उस केंद्र के केंद्राधीक्षक, पर्यवेक्षक एवं संबंधित दंडाधिकारियों पर बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की निगरानी हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रोकथाम के लिए जैमर भी लगाए जाएंगे। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के साथ परीक्षा केंद्र व परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था:
जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित विमर्श कक्ष में स्थापित किया गया है। परीक्षाओं की प्रत्येक तिथि को यह नियंत्रण कक्ष प्रातः 7:00 बजे से परीक्षा समाप्ति व उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रह तक सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर: 06226–250317, 06226–250318 है।
कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी तथा उड़नदस्ता दंडाधिकारी भी नियुक्त किए गए है.



