
वर्षा प्रभावितों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की टीम लगातार कर रही प्रयास
जिले में कई स्थानों में जल भराव की समस्या को किया गया दूर
ब्यूरो विशाल समाचार रीवा
रीवा जिले में 11 जुलाई को दिन तथा रात में लगातार बारिश होने से कई क्षेत्रों में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई। रीवा नगर निगम में घरों तथा निचली बस्तियों से जल भराव से निपटने के लिए नगर निगम की टीम लगातार प्रयास करती रही। ग्राम रौसर में एक घर में पानी भरने की सूचना मिलने पर जनपद तथा होमगार्ड कर्मचारियों ने पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था कराई। लगभग दो घंटों के प्रयासों के बाद जल भराव की समस्या दूर हुई। लगातार बारिश के कारण डभौरा में मकान क्षतिग्रस्त हो गया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने एसडीएम तथा तहसीलदार को तत्काल क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे करके राहत राशि का प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। मनगवां तहसील में ग्राम नदहा में जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए जनपद और राजस्व विभाग की टीम ने लगातार प्रयास किया। एसडीएम संजय जैन ने नदहा मोड़ तथा मेथौरी में पाइप लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई। त्योंथर तहसील के ग्राम चंदई में तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाकर जेसीबी से जल निकासी की व्यवस्था कराई। नायब तहसीलदार लालन सिंह ने जनपद और ग्राम पंचायत के कर्मचारियों के सहयोग से ग्राम मझियार में स्कूल परिसर तथा उसके सामने जल भराव की समस्या को दूर कराया। ग्राम पटना में जल भराव को दूर करने के लिए नायब तहसीलदार दिलीप श्रीवास्तव ने जेसीबी से कटाव कराकर जल निकासी कराई। ग्राम रौरा और खीरा में भी बस्तियों से जल भराव को नाली बनाकर दूर किया गया। ग्राम सिरखिनी, चोरगड़ी तथा मढ़ीकला में भी जल भराव की समस्या को दूर किया गया। राजस्व अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनपद तथा ग्राम पंचायत के कर्मचारी एवं होमगार्ड के जवान राहत और बचाव का कार्य तत्परता से कर रहे हैं। जल प्रपातों में भी ग्राम पंचायत तथा होमगार्ड के कर्मचारी तैनात करके लोगों को खतरनाक क्षेत्रों में न जाने के लिए सचेत किया जा रहा है। क्योटी जल प्रपात में जनपद पंचायत गंगेव और ग्राम पंचायत के कर्मचारियों द्वारा लगातार एनाउंसमेंट किया जा रहा है।

जिले भर में अच्छी वर्षा तथा मैहर एवं सतना में वर्षा के कारण टमस नदी में भी पानी की आवक बढ़ गई है। बीहर बराज तथा बकिया बराज के 13 गेट आधी ऊंचाई तक खोलकर नियंत्रित रूप से पानी की निकासी की जा रही है। टमस और बीहर नदियों में अधिक मात्रा में पानी आने से त्योंथर क्षेत्र में कई स्थानों पर टमस नदी के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। त्योंथर में टमस नदी का जल स्तर खतरे के निशान से 5 मीटर नीचे है। सितलहा पुल पर शाम 3 बजे से पानी जाने के कारण बैरियर लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया है। एसडीएम पीयूष भट्ट ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल के दोनों होमगार्ड सैनिक तैनात कर दिए गए हैं। त्योंथर क्षेत्र के किसी भी गांव में अभी बाढ़ का खतरा नहीं है।


