
राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर शिवम कुमार ने बढ़ाया सीतामढ़ी का मान, जिलाधिकारी ने समाहरणालय में किया सम्मानित, जिले के युवाओं के लिए बताया प्रेरणास्रोत
सीतामढ़ी कुणाल किशोर सीतामढ़ी
सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम थूम्मा निवासी शिवम कुमार (पिता: श्री छोटेलाल साह) ने राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया है, जिससे जिले का गौरव बढ़ा है। यह प्रतियोगिता 12 से 14 मई 2025 तक मुजफ्फरपुर में आयोजित हुई थी।
शिवम कुमार के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जूनियर नेशनल वूशु चैंपियनशिप 2025 में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो हैदराबाद में आयोजित होने वाली है।
आज समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय द्वारा शिवम कुमार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा,
“शिवम जैसे प्रतिभाशाली युवाओं पर जिले को गर्व है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अथक परिश्रम से यह उपलब्धि हासिल की है। जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देता रहेगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें।”
शिवम कुमार की यह सफलता मेहनत, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उनका सफर जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है, जो यह दर्शाता है कि दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।



