
लोक शिकायत निवारण से मिली न्याय की किरण: चुल्हिया देवी को मिला बिजली बिल सुधार का समाधान
स्थान: ग्राम खड़का, अंचल – रुन्नीसैदपुर, जिला – सीतामढ़ी
शिकायतकर्ता: श्रीमती चुल्हिया देवी, पति – स्व० शम्भू महतो
सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर अंचल अंतर्गत ग्राम खड़का निवासी चुल्हिया देवी लंबे समय से अपने बिजली बिल में हो रही अनियमितता और अत्यधिक राशि से परेशान थीं। उन्होंने कई बार विद्युत कार्यालय का चक्कर लगाया, आवेदन दिए, किंतु समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
जब पारंपरिक प्रयासों से कोई राहत नहीं मिली, तब उन्होंने लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत दिनांक 17.06.2025 को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय, सीतामढ़ी सदर में दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अमूल्य रत्न ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोक प्राधिकार – सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, रुन्नीसैदपुर को प्रतिवेदन सहित सुनवाई में उपस्थित होने हेतु नोटिस जारी किया।
जांचोपरांत सहायक विद्युत अभियंता द्वारा प्रतिवेदित किया गया कि औसत खपत के आधार पर चुल्हिया देवी के बिजली बिल में ₹42,020.00 की राशि का सुधार कर दिया गया है, और अब उनके ऊपर पिछले पाँच वर्षों का बकाया मात्र ₹15,150.00 ही शेष है।
इस निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान से चुल्हिया देवी अत्यंत संतुष्ट हुईं और उन्होंने अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय को न्याय दिलाने हेतु हार्दिक धन्यवाद दिया।
यह उदाहरण न केवल लोक शिकायत निवारण तंत्र की पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता को दर्शाता है, बल्कि यह भी प्रमाणित करता है कि यदि सही मंच और माध्यम का चयन किया जाए, तो आमजन की समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से किया जा सकता है।



