
प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज, 4193 चापाकलों की हुई मरम्मती – डीएम के निर्देश पर पीएचईडी का अभियान जारी
कुणाल किशोर सीतामढ़ी संवाददाता
सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले के जल संकट से प्रभावित प्रखंडों में जिलाधिकारी के निर्देश पर जनहित में युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), सीतामढ़ी की ओर से जानकारी दी गई है कि अब तक 14 प्रखंडों के 80 पंचायतों के 186 वार्ड जल संकट से प्रभावित चिन्हित किए गए हैं।
पीएचईडी ने बताया कि इन क्षेत्रों में 110 टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही बताया गया कि 205 जल योजनाओं में से 203 योजनाएं सक्रिय रूप से चालू हैं, जिससे राहत कार्यों को गति मिली है।
आज 535 चापाकलों की मरम्मती की गई, जिससे अब तक मरम्मत किए गए चापाकलों की कुल संख्या 4193 पहुंच गई है। वहीं, 334 चापाकलों को तकनीकी कन्वर्जन के बाद चालू किया गया है, और 70 नए चापाकलों की अधिष्ठापना भी की गई है।

“हर घर नल का जल” योजना के अंतर्गत कार्यरत मरम्मती दलों की संख्या 223 है, जबकि अन्य चापाकलों की मरम्मती के लिए 34 मरम्मती दल जिले में कार्यरत हैं।
काम में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ा रुख अपनाते हुए मेसर्स तरियानी इंटरप्राइजेज और मेसर्स चौधरी एंड चौधरी को आगामी किसी भी सरकारी निविदा में डिबार कर दिया गया है,

ताकि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो।



