रीवा

पेंशन प्रकरण लंबित रहने पर आहरण संवितरण अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा – कमिश्नर बीएस जामोद

पेंशन प्रकरण लंबित रहने पर आहरण संवितरण अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा – कमिश्नर बीएस जामोद

कमिश्नर ने संभागीय टीएल बैठक में एक पेड़ माँ के नाम तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की 

रीवा आलोक कुमार तिवारी:  रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने संभागीय टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन, एक पेड़ माँ के नाम, ई आफिस, लंबित विधानसभा के प्रश्नों, संभागीय समीक्षा बैठक के लंबित एटीआर बिन्दुओं की विस्तार से समीक्षा की। कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में श्री जामोद ने निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरण लंबित रहने वाले संबंधित विभागीय आहरण संवितरण अधिकारियों का वेतन रोका जाए तथा दो-दो वेतनवृद्धि रोकने का भी नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों के बड़ी संख्या में पेंशन प्रकरण लंबित हैं। संबंधित अधिकारियों का दायित्व है कि संवेदनशीलता के साथ पेंशन प्रकरणों का सेवानिवृत्त होने के साथ ही निराकरण करा दिया जाए। जिन विभागों के पेंशन प्रकरण प्रस्तुत नहीं किए गए या लंबित हैं उनके संभागीय अधिकारियों का वेतन तभी आहरित होगा जब पेंशन प्रकरण पूर्णत: निराकृत हो जाएंगे।

 

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि विभागीय अधिकारी माइक्रो प्लानिंग कर एक-एक आवेदन पत्र पर ठोस निराकरण करें। प्राप्त शिकायतों को मैदानी अमले से सेक्टरवार समाधानपूर्वक निराकरण कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के पूर्व के लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण करें। उन्होंने ई आफिस में फाइलों के प्रचलन में वृद्धि के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रति सप्ताह हर विभाग कम से कम 25 फाइलें ई माध्यम से प्रेषित की जाय। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं में नवाचार करने तथा उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि मानीटरिंग सिस्टम को सशक्त कर हितग्राहियों को नवीन तकनीक का लाभ दिलाएं। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए गए वृक्षारोपण की जानाकारी ली तथा इसे सूचीबद्ध कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

संभागीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सप्ताह में एक दिन मंगलवार को सभी अधिकारी कार्यालय साइकिल से या पैदल आएं जिससे वाहनों में ईधन के व्यय को कम किया जा सकेगा। इससे प्रदूषण कम होगा और स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि संभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ जिला अधिकारियों को भी तत्संबंध में निर्देशित करें तथा संबंधितों से इसका पालन सुनिश्चित कराएं। बैठक में उन्होंने अपर मुख्य सचिव द्वारा संभागीय समीक्षा बैठक के एटीआर के बिन्दुओं का निराकरण करने तथा विधानसभा के लंबित प्रश्नों के जवाब समय पर प्रेषित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त श्रेयस गोखले सहित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button