पूणे

स्वतंत्रता दिवस पर पुणे में पहली बार ‘तिरंगा फेस्टिवल’

स्वतंत्रता दिवस पर पुणे में पहली बार ‘तिरंगा फेस्टिवल’

किरण साळी मित्र परिवार और ढोल-ताशा महासंघ, महाराष्ट्र की ओर से आयोजन; 500 ढोल-ताशा वादन से भारतीय सेना को सलामी

 

पुणे : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के जवानों और उनके कार्य को नमन करने के उद्देश्य से पुणे में ‘तिरंगा फेस्टिवल 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। किरण साळी मित्र परिवार और ढोल-ताशा महासंघ, महाराष्ट्र की ओर से यह कार्यक्रम शुक्रवार, 15 अगस्त को शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक श्री जंगली महाराज रोड स्थित बालगंधर्व रंगमंदिर चौक के पास, छत्रपति संभाजी महाराज उद्यान के सामने होगा। यह जानकारी आयोजक किरण साळी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

 

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में इस तरह का फेस्टिवल पहली बार हो रहा है। देश की रक्षा में बलिदान देने वाले सैनिकों की पांच वीरांगनाओं का इस अवसर पर सम्मान किया जाएगा। इनमें मीनाक्षी भिसे, रानी चौधरी, सुस्मिता पालेकर, प्रतिभा खटके और दीपाली मोरे शामिल हैं। उन्हें तिरंगा उपरणा और सम्मानचिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह पद्मश्री मुरलीकांत पेटकर के हाथों होगा, जबकि विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोहे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

 

ढोल-ताशा महासंघ, महाराष्ट्र के अंतर्गत आने वाले पुणे के विभिन्न पथकों के 500 से अधिक वादक एक साथ वादन करेंगे। ढोल-ताशा की गूंज से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ के वीरों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। पूरे मार्ग पर तिरंगे झंडे लगाए जाएंगे, साथ ही तिरंगा टैटू और अन्य आकर्षक कार्यक्रम भी होंगे।

 

फेस्टिवल में ‘नादरंग’ नामक सुर और तालवाद्यक कार्यक्रम होगा। इसके अलावा प्रसिद्ध कला निर्देशक गणेश लोणारे और उनकी टीम देशभक्ति आधारित पथनाट्य का मंचन करेंगे। ‘वंदे मातरम’ स्वर-मैफिल में बाल कलाकार देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे, साथ ही ‘गीत तिरंगा’ और ‘रामराज्याभिषेक’ पर आधारित भरतनाट्यम नृत्य भी होगा।

 

संतश्रेष्ठ ज्ञानेश्वर महाराज की 750वीं जयंती के उपलक्ष्य में सामुदायिक ‘पसायदान’ से फेस्टिवल का समापन होगा। सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने पुणेकरों से अपील की है कि वे परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाएं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button