
जिला परिषद पुणे व पंचायत समिति इंदापुर की ओर से ‘सायकल बैंक’ लोकार्पण समारोह
कृषि मंत्री दत्तात्रय मामा भरणे के शुभहस्ते 111 छात्राओं को मुफ्त साइकिल वितरण
पुणे, मोहन सिंह तोमर : ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक छात्राओं को प्रतिदिन स्कूल जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इस कारण उनकी शालेय उपस्थिति कम होती है तथा पढ़ाई में बाधाएं उत्पन्न होती हैं। इन समस्याओं से निपटने, छात्राओं की शिक्षा में गति लाने, स्कूल में नियमित उपस्थिति बढ़ाने और यात्रा की परेशानी कम करने के उद्देश्य से पुणे जिला परिषद और पंचायत समिति इंदापुर की ओर से ‘सायकल बैंक’ यह अभिनव उपक्रम आरंभ किया गया है।
इस उपक्रम का लोकार्पण समारोह कृषि मंत्री दत्तात्रय मामा भरणे के शुभहस्ते इंदापुर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर इंदापुर तालुका की पाँचवी से आठवीं कक्षा की 111 छात्राओं को मुफ्त साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल मिलने से छात्राओं में अपार खुशी का माहौल था। उनके चेहरों पर झलकती मुस्कान इस उपक्रम के महत्व को स्पष्ट कर रही थी।
कृषि मंत्री श्री भरणे ने इस अवसर पर कहा कि, “पुणे जिला परिषद शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवनवीन उपक्रम चला रही है। ‘सायकल बैंक’ यह योजना छात्राओं की शैक्षणिक यात्रा को नई दिशा देने वाली है। इस उपक्रम से छात्राओं के लिए स्कूल जाना आसान होगा, यात्रा का कष्ट कम होगा और नियमित उपस्थिति में वृद्धि होगी। शिक्षा की धारा में कोई भी छात्रा पीछे न रहे, इसके लिए यह उपक्रम अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। आगे चलकर जिले के अन्य तालुकों में भी इस योजना को लागू करने का प्रयास किया जाएगा।”

इस अवसर पर पुणे जिला मध्यवर्ती बैंक के संचालक आप्पासाहेब जगदाळे, पंचायत समिति इंदापुर के पदाधिकारी, जिला परिषद और पंचायत समिति के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।
इस अभिनव उपक्रम से ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं की शैक्षणिक अवसरों को नई दिशा मिलेगी। साइकिल केवल एक यात्रा साधन न रहकर शिक्षा की गति बढ़ाने वाला माध्यम बनेगी।


