
मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ सोरतापवाड़ी में
पुणे,(सोहन सिंह):मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ आज हवेली तालुका के सोरतापवाड़ी ग्रामपंचायत में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन पुणे विभाग के आयुक्त चंद्रकांत पुलकुंडवार और जिला परिषद पुणे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामस्थों, महिलाओं और विद्यार्थियों के साथ प्रभात फेरी से हुई। फेरी के दौरान स्वच्छता, ग्राम विकास और जनजागरूकता के विषय में घोषणाबाजी की गई, जिसमें ग्रामीणों ने उत्स्फूर्त सहभागिता दिखाई। अभियान का संदेश जनमानस तक पहुंचाने के लिए आकर्षक चित्ररथ का उद्घाटन भी मान्यवरों के हाथों किया गया।
अभियान के उद्देश्यों और ग्राम पंचायतों द्वारा अभियान के दौरान किए जाने वाले कार्यों के बारे में प्रशिक्षक श्री जालिंदर काकड़े ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील ने अभियान की दिशा, ग्रामीण विकास के लिए बनाए गए योजनाओं और उपक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को ग्रामीणों को सहभागी बनाकर विकास कार्यों में तेजी लानी चाहिए, जिससे पुणे जिला राज्य में आदर्श बन सके।
पुणे विभाग के आयुक्त चंद्रकांत पुलकुंडवार ने ग्राम पंचायतों से आग्रह किया कि वे विकास का केंद्र बनकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आदर्श और स्थायी ग्राम विकास की दिशा स्थापित होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित थे: अप्पर आयुक्त (विकास) श्रीमती दीपाली देशपांडे, सहायक आयुक्त (विकास) रविंद्र कणसे, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी (पंचायत) भूषण जोशी, हवेली के गट विकास अधिकारी शेखर शेलार, सरपंच सौ. मनीषा चौधरी, उपसरपंच श्री विलास चौधरी, ग्राम पंचायत सदस्य, अधिकारी और ग्रामस्थ।
कार्यक्रम का संचालन श्री शंकर कड ने किया। प्रास्ताविक प्रस्तुत किए उपसरपंच श्री विलास चौधरी और आभार प्रदर्शन किया श्री रामदास चौधरी ने।


