
इटावा में मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक दिन की जिलाधिकारी बनी कक्षा 8 की छात्रा उन्नति यादव
इटावा: नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से आयोजित मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के अंतर्गत आज बेसिक शिक्षा विभाग ने नगर क्षेत्र के आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा उन्नति यादव को एक दिन के लिए जिलाधिकारी के रूप में नियुक्त किया। उन्नति यादव कक्षा 8 की छात्रा हैं।
आज उन्होंने सर्वप्रथम आमजन की समस्याओं को सुना और त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा, “मुझे साइंस पढ़ना बहुत पसंद है और मैं आगे जाकर एक आईएएस अधिकारी बनना चाहती हूं। जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना मेरी प्राथमिकता होगी और गरीब एवं असहाय लोगों की मदद करूंगी।”
उन्नति यादव ने मिशन शक्ति के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बालिकाओं में शक्ति और क्षमता का एहसास कराने के लिए आयोजित किया गया है। “बच्चियां अवला नहीं, सबला हैं। इन्हें विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी मातृशक्ति और नेतृत्व क्षमता महसूस कराई जा सकती है,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग की छात्राओं ने जीजीआईसी स्कूल से साइकिल रैली का आयोजन किया, जो कलेक्ट्रेट से शुरू होकर नुमाइश पंडाल तक समाप्त हुई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और छात्राएं उपस्थित रहीं।


