
जनसुनवाई में 128 प्रकरणों की हुई सुनवाई
हिरदहाई टोला के निवासियों ने आमरास्ता खोले जाने का दिया आवेदन
रीवा आलोक कुमार तिवारी. कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 128 प्रकरणों की सुनवाई की गई। सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर एवं अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर समाधानकारक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डिप्टी कलेक्टर जीपी अग्रवाल एवं डिप्टी कलेक्टर राजेश सिन्हा ने आवेदकों की समस्याएं सुनी।
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में जनसुनवाई के दौरान हिरदहाई टोला जवा के निवासियों ने शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज आम रास्ता से अतिक्रमण हटाकर आवागमन आरंभ करने का आवेदन दिया जिससे एसडीएम जवा को भेजकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। मानवती शर्मा रेरुआ निवासी ने हल्का पटवारी सौरभ सिंह पटेल द्वारा किसान सम्मान निधि में नाम न जोड़ने का आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में भनिगांव निवासी प्रकाश पाण्डेय के सीमांकन व नक्शातरमीम करने एवं अधीहा निवासी गयादीन सोंधिया के वारिश से क्षतिग्रस्त मकान का मुआवजा दिलाने के आवेदनों को संबंधित एसडीएम को कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में हरिचरण दाहिया बड़ागांव के प्रचलित रास्ता खोले जाने, राघवेन्द्र सिंह सेमरिया के नक्शा तरमीम करने तथा अमित कुमार पाण्डेय बदरांव के नक्शा के सुधार के आवेदनों पर संबंधित तहसीलदार को कार्यवाही। किये जाने के निर्देश दिये गये। शंकरलाल साकेत बुसौल निवासी के कपिल धाराकूप की राशि के गवन के आवेदन को सीईओ जनपद को तथा अलका त्रिपाठी निवासी बैकुण्ठपुर के लाड़ली बहना योजना की राशि न मिलने के आवेदन को महिला एवं बाल विकास विभाग को समुचित कार्यवाही किये जाने हेतु प्रेषित किया गया।


