सीतामढ़ी

निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

 

निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा – निर्वाचन में अब बहुत कम समय शेष, सभी कोषांग पूरी तत्परता से करें कार्य, शांतिपूर्ण एवं शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को करें हासिल

 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में हैं। जिले में 11 नवंबर को मतदान होना है, ऐसे में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी विभागों को पूर्ण सक्रियता के साथ मैदान में उतरने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में आज समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में सभी कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड स्तरीय एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अब निर्वाचन में बहुत कम समय शेष है, ऐसे में प्रत्येक कोषांग अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

डीईओ श्री पांडेय ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने कोषांगों की दैनिक समीक्षा करें और सुनिश्चित करें कि सभी व्यवस्थाएँ निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएँ। उन्होंने मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया ताकि जिले में भयमुक्त, शांतिपूर्ण और शत-प्रतिशत मतदान का वातावरण सुनिश्चित हो सके।

 

बैठक में मतदाता जागरूकता अभियान, कार्मिक कोषांग, पीडब्ल्यूडी कोषांग, परिवहन व्यवस्था, संचार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सामग्री वितरण, मीडिया प्रबंधन एवं अन्य सभी कोषांगों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

 

उन्होंने स्वीप कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियानों को और सघन बनाने के निर्देश दिए। डीईओ ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, स्टीकर, मानव श्रृंखला, संकल्प पत्र वितरण जैसे रचनात्मक माध्यमों से लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

 

बैठक में फोर्स की तैनाती, मतदाता पर्ची वितरण, ईवीएम कमीशनिंग, आदर्श मतदान केंद्रों का निर्माण, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सी-विजिल एप की सक्रियता, हेल्पलाइन नंबर 1950 के प्रभावी संचालन, एरिया डॉमिनेशन, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तथा मीडिया समन्वय जैसे बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान दिवस के पूर्व प्रत्येक मतदान केंद्र पर सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन किया जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर फ्लैग मार्च एवं निगरानी अभियान चलाया जाए ताकि किसी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की संभावना न रहे।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी कोषांगों के नोडल अधिकारी एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

डीईओ श्री पांडेय ने अपील की कि 11 नवंबर को लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और जिले को शत-प्रतिशत मतदान वाले जिलों में शामिल करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button