
सीतामढ़ी में डीएम-एसपी ने मतगणना केंद्र पर की संयुक्त ब्रीफिंग, तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित
विशाल समाचार, सीतामढ़ी
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में एस.आई.टी. गोसाईपुर स्थित मतगणना केंद्र परिसर में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री पांडेय ने बताया कि 14 नवम्बर 2025 को प्रातः 08:00 बजे से मतगणना कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करें।
डीएम ने निर्देश दिया कि मतगणना कार्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराया जाएगा। काउंटिंग एजेंटों का प्रवेश केवल सघन जांच (फ्रिस्किंग) के बाद ही किया जाएगा। मतगणना केंद्र के सभी प्रवेश द्वारों पर पासधारियों की जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मतगणना हॉल में प्रवेश से पहले सभी कर्मियों की विधिवत जांच एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, बैग आदि की तलाशी अनिवार्य रूप से की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुशासनहीनता फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन ने कहा कि मतगणना दिवस पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
प्रथम सुरक्षा घेरे में पुलिस बल द्वारा पास की जांच एवं प्रवेश नियंत्रण किया जाएगा।
द्वितीय घेरे में सशस्त्र बलों की तैनाती होगी।
तृतीय घेरे में रिजर्व पुलिस बल तत्पर स्थिति में रहेंगे।
एसपी ने बताया कि मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, सिगरेट, माचिस, चाकू, ब्लेड, हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, तंबाकू, खैनी या किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी मतगणना के दौरान पूरी तत्परता से निगरानी रखेंगे, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।
मतगणना परिसर के चारों ओर नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। मतगणना केंद्र के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों, जुलूस या भीड़ के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से स्वच्छता, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, संचार एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मतगणना कार्य को शांति, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराने के लिए पूर्णतः तैयार है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सभी वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
—



