पूणे

जिला परिषद व पंचायत समिति की सीटें सिर्फ असली ओबीसी को ही मिलनी चाहिए — ओबीसी बहुजन महासंघ की चेतावनी

जिला परिषद व पंचायत समिति की सीटें सिर्फ असली ओबीसी को ही मिलनी चाहिए — ओबीसी बहुजन महासंघ की चेतावनी

 

कुणबी प्रमाणपत्र के आधार पर उम्मीदवार दिए जाने पर संघर्ष की चेतावनी

विशाल समाचार, पुणे | प्रतिनिधि

 

आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित सीटों पर केवल खरे (असली) ओबीसी उम्मीदवारों को ही मौका दिया जाए। यदि कुणबी प्रमाणपत्र के आधार पर उम्मीदवारों को टिकट दिया गया, तो ओबीसी बहुजन महासंघ सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा — ऐसी चेतावनी महासंघ के बाळासाहेब झोरे ने आज आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

 

पुणे श्रमिक पत्रकार भवन में आयोजित इस पत्रकार परिषद में ओबीसी बहुजन महासंघ के भानुदास पानसरे, किसन नांगरे, चंदाताई केदारी, आनंद रोकडे, राजेंद्रभाऊ नांगरे, विशाल शेळके, महादेव मरगळे, भाऊसाहेब मरगळे, अशोक कांबळे, भाऊसाहेब आखाडे और कृष्णा पानसरे उपस्थित रहे।

 

मुळशी तालुका में पंचायत समिति की कुल 9 सीटों में से 3 सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए और 1 सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। महासंघ का कहना है कि इन सीटों पर केवल असली ओबीसी समाज के उम्मीदवारों का ही अधिकार है। इसीलिए सभी राजनीतिक दलों से यह मांग की गई है कि इन सीटों पर केवल असली ओबीसी उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाए।

 

महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि ओबीसी की आरक्षित सीटों पर कुणबी प्रमाणपत्र के आधार पर उम्मीदवार उतारे गए, तो महासंघ न केवल आरक्षित सीटों पर बल्कि सभी 9 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय करेगा। महासंघ ने कहा कि यह सिर्फ चुनाव जीतने या हारने का सवाल नहीं, बल्कि ओबीसी और बहुजन समाज के अस्तित्व का मुद्दा है। अगर इस तरह की स्थिति जारी रही, तो आने वाले समय में ग्राम पंचायत स्तर पर भी ओबीसी प्रतिनिधित्व खत्म हो जाएगा। यह ओबीसी समाज को सत्ता और समाज दोनों से मिटाने की साजिश है, ऐसी तीव्र भावना इस अवसर पर व्यक्त की गई।

 

गुरुवार को आयोजित होगा ओबीसी महासंघ का महामेळावा

 

अपनी भावनाओं को सभी राजनीतिक दलों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और ओबीसी, बहुजन तथा रिपब्लिकन समाज की एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए गुरुवार, 20 नवम्बर 2025 को मुळशी तालुका ओबीसी बहुजन महासंघ की ओर से एक महामेळावा आयोजित किया जाएगा।

 

इस मेळावे में ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके, नवनाथ वाघमारे, मंगेश ससाणे तथा रिपब्लिकन पार्टी के राज्य संगठन सचिव परशुराम वाडेकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button