
स्मार्ट इंडिया हैकैथॉन 2025 का ग्रैंड फिनाले पुणे में,डॉ. वैशाली पाटिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी; 8, 9 दिसंबर को होगा 36 घंटे का प्रदर्शन
देशभर से आए 25 टीमों के इनोवेशन और कौशल का होगा लगातार 36 घंटे मूल्यांकन
पुणे विशाल सिंह संवाददाता: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) और इनोवेशन सेल (शिक्षा मंत्रालय) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकैथॉन 2025 (सॉफ्टवेयर एडिशन) की महाअंतिम फेरी इस वर्ष पुणे में आयोजित की जा रही है। यह ग्रैंड फिनाले होप फाउंडेशन एंड रिसर्च सेंटर द्वारा संचालित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (I²IT), हिंजेवाड़ी में 8 और 9 दिसंबर को होगा।
यह हैकैथॉन सोमवार (8 दिसंबर) सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार (9 दिसंबर) रात 8 बजे तक लगातार 36 घंटे चलेगा, जिसमें देशभर से चयनित 25 टीमें अपने अभिनव समाधान और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करेंगी। यह जानकारी I²IT की प्राचार्या डॉ. वैशाली पाटिल ने पत्रकार परिषद में दी। इस दौरान संस्थान की मैनेजिंग ट्रस्टी अमृता कटारा, उपप्राचार्या प्रो. माधुरी रेड्डी, प्रो. रवींद्र जोशी, स्मार्ट इंडिया हैकैथॉन के समन्वयक प्रो. प्रकाश क्षीरसागर और प्रो. मंदार दातार उपस्थित थे।
डॉ. वैशाली पाटिल ने कहा, “स्मार्ट इंडिया हैकैथॉन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल और AICTE द्वारा 2017 में शुरू किया गया राष्ट्रीय स्तर का प्रतियोगी मंच है। यह दुनिया के सबसे बड़े ओपन इनोवेशन मॉडल में से एक है, जिसका उद्देश्य देश के छात्रों को मंत्रालयों, विभागों, उद्योगों और सामाजिक क्षेत्रों को सामना करने वाली समस्याओं के समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार और जयंत चौधरी, शिक्षा सचिव विनीत जोशी, AICTE के चेयरमैन टी. जी. सीताराम तथा वाइस चेयरमैन डॉ. अभय जेरे के मार्गदर्शन में यह आयोजन देशभर में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है। इस वर्ष ग्रैंड फिनाले का आयोजन करने का अवसर हमें—I²IT पुणे को मिला है, यह हमारे लिए गौरव की बात है, उन्होंने कहा।
डॉ. पाटिल ने बताया कि “सोमवार सुबह 8 बजे हैकैथॉन का उद्घाटन होगा। इसके बाद विभिन्न राउंड्स में चुनी गई 25 टीमें लगातार 36 घंटे काम करते हुए अपने तकनीकी समाधान प्रस्तुत करेंगी। मंगलवार रात 8 बजे पुरस्कार वितरण समारोह मान्यवरों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।”
स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लेकर साइबर सुरक्षा तक, जैसे स्मार्ट ऑटोमेशन, फिनटेक, फिटनेस एवं स्पोर्ट्स, स्पेस टेक्नोलॉजी, हेरिटेज एवं कल्चर, मेडिटेक एवं हेल्थकेयर, कृषि और ग्रामीण विकास, स्मार्ट व्हीकल्स, ट्रांसपोर्टेशन एवं लॉजिस्टिक्स, रोबोटिक्स एवं ड्रोन, क्लीन एवं ग्रीन टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबल एनर्जी, साइबर सिक्योरिटी, स्मार्ट एजुकेशन, डिज़ास्टर मैनेजमेंट विविध विषयों पर प्रोजेक्ट इस हैकेथोन में शामिल है, ऐसा अमृता कटारा ने बताया.

