पूणे

विकसित भारत में उन्नत तकनीक और निर्माण क्षेत्र की अहम भूमिका

विकसित भारत में उन्नत तकनीक और निर्माण क्षेत्र की अहम भूमिका

डॉ. सुनील भिरुड़ का प्रतिपादन; बिल्डर्स असोसिएशन इंडिया द्वारा बिल्डर्स डे पर ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर ज्ञानसत्र

 

पुणे: “अन्न, वस्त्र और आवास मानव जीवन की मूलभूत आवश्यकताएं हैं। इनमें से आवास की आवश्यकता जब समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी, तभी विकसित भारत का सपना वास्तविक अर्थों में साकार होगा। विकसित भारत के निर्माण में उन्नत तकनीक, निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहेगा,” यह प्रतिपादन सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. सुनील भिरुड़ ने किया।

 

वे बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) पुणे सेंटर की ओर से बिल्डर्स डे के अवसर पर आयोजित ‘विकसित भारत 2047: निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र का योगदान’ विषयक ज्ञान सत्र में बोल रहे थे। यह कार्यक्रम होटल शेरेटन ग्रैंड में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर संवर्धन मदरसन ग्रुप के महासलाहकार एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुभव कपूर, बीएआई महाराष्ट्र के अध्यक्ष जगन्नाथ जाधव, बीएआई पुणे के अध्यक्ष अजय गुजर, उपाध्यक्ष महेश मायदेव, उपाध्यक्ष राजाराम हजारे, सचिव सी. एच. रतलानी, कोषाध्यक्ष डॉ. महेश राठी, कार्यक्रम संयोजक शिवकुमार भल्ला सहित अनेक पदाधिकारी और निर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

डॉ. भिरुड़ ने कहा कि तकनीक की प्रगति की रफ्तार अत्यंत तेज है। 2047 में देश की स्वतंत्रता की शताब्दी के समय अंतरिक्ष यात्रा, मंगल और चंद्रमा पर मानव बस्तियों जैसी अवधारणाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। स्मार्ट टूल्स और स्मार्ट मैटेरियल्स का उपयोग बढ़ेगा, वहीं निर्माण कार्य में लगने वाला समय भी काफी कम होगा। ऐसे में निर्माण क्षेत्र की भूमिका भविष्य में और अधिक निर्णायक होने वाली है, उन्होंने कहा। उन्होंने निर्माण क्षेत्र से गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आह्वान करते हुए बीएआई द्वारा निर्माण पेशेवरों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

 

अनुभव कपूर ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, सामाजिक सुधार, सतत और पर्यावरण अनुकूल उपाय तथा प्रभावी शासकीय तंत्र यह चार प्रमुख घटक महत्वपूर्ण हैं। इन सभी की जितनी प्रभावी ढंग से अमलवजावणी होगी, उतनी ही तेजी से देश का विकास ग्राफ ऊपर जाएगा। शहरीकरण की गति बढ़ने से स्मार्ट शहरों का विस्तार होगा और आधुनिक व प्रभावी नागरिक सुविधाओं की मांग लगातार बढ़ेगी, जिसमें निर्माण क्षेत्र की भूमिका केंद्रीय रहेगी,” उन्होंने कहा।

 

कार्यक्रम के दौरान बीएआई की ओर से निर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अशोक केडगे, लक्ष्मण थिटे, एस. बी. थोरवे और युसुफ इनामदार का विशेष सम्मान किया गया। इसके साथ ही संजय बोरकर, गीता नगरकर, अधीरा बिल्डर्स एंड डेवलपर्स, एसकेएफजी रियलिटी लिमिटेड, विंडसर इन्फ्राकॉन और जयंत इनामदार को बीएआई की सदस्यता प्रदान की गई। इस अवसर पर बीएआई की नई डायरी का भी विमोचन किया गया।

 

प्रस्तावना में अजय गुजर ने कहा कि बीएआई निर्माण व्यवसायियों, निर्माण श्रमिकों और उनके बच्चों के लिए लगातार नवाचारी और कल्याणकारी उपक्रम राबवाता आ रहा है। लक्ष्मण थिटे और अशोक केडगे ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संजय आपटे ने किया, जबकि सी. एच. रतलानी ने आभार प्रदर्शन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button