इटावा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति समीक्षा, दिसंबर लक्ष्य से 296% अधिक सोलर संयंत्र स्थापित
इटावा विशाल समाचार: — परियोजना अधिकारी यूपीनेडा प्रिय शर्मा ने जानकारी दी कि मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 29 दिसंबर 2025 को विकास भवन स्थित वीसी रूम में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लीड बैंक मैनेजर, विद्युत वितरण खण्ड प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के अधिशासी अभियंता, मीटर टेस्ट अधिशासी अभियंता, समस्त एसडीओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायतराज अधिकारी, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, खण्ड विकास अधिकारी इटावा, जीनस कंपनी के प्रतिनिधि, जनपद के समस्त वेण्डर उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी यूपीनेडा ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद का कुल लक्ष्य 5694 निर्धारित है, जिसके सापेक्ष 7507 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। दिसंबर 2025 तक का लक्ष्य 1081 के मुकाबले 3200 सोलर संयंत्रों की स्थापना की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 296 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि स्थापित संयंत्रों के सापेक्ष 2920 उपभोक्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार से अनुदान प्राप्त हो चुका है, जबकि शेष प्रक्रियाधीन है और शीघ्र ही प्राप्त हो जाएगा।
परियोजना अधिकारी ने यह भी बताया कि योजना के अंतर्गत बैंकों में Sanctioned-155, Reject After Sanction-19, Hold-01, Partial Disburse-549 एवं Reject-407 सहित कुल 1131 पत्रावलियां प्रेषित की गई हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए कि सभी बैंकों से समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराया जाए।
बैठक में वेण्डर श्याम इन्वर्टर बैट्री हाउस द्वारा बताया गया कि बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं स्टेट बैंक से ऋण संबंधी पत्रावलियां लंबित हैं। इस पर संबंधित बैंकों को धनराशि निर्गत कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जीनस कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि सोलर प्लांट स्थापना के बाद स्मार्ट मीटर का समय से कॉन्फिगरेशन कराया जाए। साथ ही 2–3 माह से बिल जनरेट न होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र बिल जनरेशन एवं उच्चाधिकारियों से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विद्युत वितरण खण्ड के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि सोलर प्लांट लगवाने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन, नाम परिवर्तन एवं लोड बढ़ाने जैसी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें, ताकि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित हो सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि मैसर्स आदी आइडियोलॉजी सर्विसेज प्रा.लि. इटावा द्वारा रुचि न लिए जाने के संबंध में निदेशक यूपीनेडा, लखनऊ को पत्र प्रेषित किया जाए।
इसके साथ ही उपस्थित वेण्डरों को निर्देश दिए गए कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहन एवं कैनोपी मुख्य रूप से भरथना, जसवंतनगर एवं इकदिल नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत क्षेत्रों में चलाकर रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ाई जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सरकारी एवं अर्द्धसरकारी विद्यालयों तथा विकास खण्डों में कैनोपी के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाए।

