मतदाता सूची के संबंध में दावे-आपत्तियाँ 22 जनवरी तक होंगी दर्ज
रीवा विशाल समाचार. निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण पूरा हो गया है। आयोग द्वारा संशोधित समय सारणी के अनुसार अब मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन अब 23 दिसम्बर को कर दिया गया है। गहन पुनरीक्षण के दौरान जो मतदाता किसी भी कारण से नहीं मिले हैं उन सभी को रिटर्निंग आफीसर तथा सहायक रिटर्निंग आफीसर द्वारा नोटिस जारी कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करके छूटे हुए मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। मृत, स्थाई रूप से शिफ्टेड तथा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से पृथक कर दिए गए हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर बेक ने बताया कि मतदाता सूची के संबंध में 22 जनवरी 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। इस अवधि तक नए मतदाताओं के नाम शामिल करने के भी आवेदन लिए जा रहे हैं। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी तक किया जाएगा। मतदाता सूची 17 फरवरी तक अंतिम रूप से तैयार करके निर्वाचन आयोग की अनुशंसा के बाद 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। सभी रिटर्निंग आफीसर, सहायक रिटर्निंग आफीसर तथा बीएलओ निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नए कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कराएं।


