
जिलाधिकारी के निर्देश पर पंचायत स्तर की योजनाओं की सघन जांच
विशाल समाचार संवाददाता
सीतामढ़ी: सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से लागू करने, उनके सतत अनुश्रवण, राज्य में न्याय के साथ विकास सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री रिची पांडे के निर्देश के आलोक में आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की जांच की गई।
यह जांच जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं, हर घर नल का जल योजना, प्रखंडों एवं पंचायतों में संचालित आरटीपीएस केंद्रों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया गया।
निर्देशानुसार निरीक्षण से संबंधित प्रतिवेदन संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके पश्चात तीन दिनों के भीतर समेकित प्रतिवेदन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।



