
‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ से पुणे के इतिहास में नया अध्याय – जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी
स्पर्धा को सफल बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
पुणे, सोहन सिंह:‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर–2026’ के माध्यम से पुणे जिले के इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को विश्व पटल पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ पुणे के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने का प्रयास किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ऐसा आवाहन जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने किया।
जिलाधिकारी श्री डूडी ने आज ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर–2026’ के तीसरे चरण के मार्ग का निरीक्षण कर नागरिकों से संवाद किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय जगताप, बारामती के नगराध्यक्ष सचिन सातव, सासवड की नगराध्यक्ष आनंदी जगताप, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निजी सचिव सचिन यादव, उपविभागीय अधिकारी वैभव नावडकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बारामती तालुका के क्रीड़ा संकुल, मोरगांव ग्राम पंचायत कार्यालय तथा सासवड स्थित आचार्य अत्रे सांस्कृतिक भवन में नगरसेवकों, सरपंचों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, पुलिस पाटील, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
श्री डूडी ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता दूरदर्शन और अन्य चैनलों पर सीधे प्रसारित की जाएगी, जिससे जिले के गांव, पर्यटन स्थल, प्राकृतिक सौंदर्य और शिवकालीन इतिहास देश-विदेश तक पहुंचेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तिकरण होगा।
उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता मार्ग पर पूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, आवासीय सोसायटियों, गणेश मंडलों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस तथा खेल संगठनों के सहयोग से अभियान स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता के महत्व को ध्यान में रखते हुए जिले में गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण किया गया है, जिससे दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ सके हैं और भविष्य में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। पुणे की ‘साइकिल सिटी’ की पहचान को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के उपयोग को प्रोत्साहित करने का यह प्रयास है।
उन्होंने तीसरे चरण से गुजरने वाले गांवों के नागरिकों से अपील की कि वे अनुशासन का पालन करते हुए मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर महाराष्ट्र की संस्कृति, इतिहास, संगीत, वेशभूषा और लोककलाओं के माध्यम से खिलाड़ियों का स्वागत करें, परंतु प्रतियोगिता में किसी भी प्रकार का अवरोध न हो तथा मार्ग पर पालतू पशु न आने दें।
इस अवसर पर नगराध्यक्ष सचिन सातव ने कहा कि ‘टूर-डी-फ्रांस’ की तर्ज पर आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता बारामती के लिए गौरव की बात है और इसे सफल बनाने के लिए बारामतीवासियों की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।



