
फाईलेरिया उन्मूलन के लिए घर-घर भ्रमण कर दवा का सेवन कराने के निर्देश
जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न
मऊगंज विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में निर्देश दिये गये कि आगामी 10 से 24 फरवरी तक हनुमना विकासखण्ड के लक्षित नागरिकों को फाईलेरिया की दवाई घर-घर जाकर दी जाय। स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के समन्वय से फाईलेरिया की दवाई का सेवन कराया जाना सुनिश्चित करें।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में निर्देशित किया गया कि जिला शिक्षा अधिकारी विद्यालयों, छात्रावासों में छात्रों एवं अभिभावकों को एमडीएम गतिविधि से जानकारी पहुंचाये। सीएमओ नगर परिषद नगरीय क्षेत्रों के सभी वार्डों में कचरा वाहनों के माध्यम से प्रचार-प्रसार करें। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व वन विभाग दवा सेवन के लिए प्रचार प्रसार कर आवश्यक सहयोग दें। बैठक में बताया गया कि 10, 11 एवं 12 फरवरी को बूथ डे के माध्यम से सभी विद्यालयों, छात्रावासों, संस्थान एवं कार्यालय में बूथ बनाकर प्रशिक्षित दवा सेवकों द्वारा दवा का सेवन कराया जायेगा। इसी क्रम में 14 से 19 फरवरी तक घर-घर जाकर दवाई का वितरण किया जायेगा और 20 से 24 फरवरी तक छूटे हुए व्यक्तियों को दवा खिलाई जायेगी। हनुमना विकासखण्ड के 2 वर्ष के उम्र के सभी बच्चों व वयस्कों को डीईसी-100 एमजी एवं एल्बेन्डाजोल 400 एमजी की गोली एक खुराक दी जायेगी। दो वर्ष से नीचे के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को दवा का सेवन नहीं करना है। बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, डब्ल्यूएचओके राज्य क्वार्डिनेटर डॉ. देवेन्द्र सिंह तोमर एवं पवन मेहरा क्षेत्रीय सलाहकार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केबी गौतम, श्रीमती सदब खान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



