बिहार

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, सदर अस्पताल सीतामढ़ी की रोगी कल्याण समिति बैठक में स्वास्थ्य संकेतकों की गहन समीक्षा

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, सदर अस्पताल सीतामढ़ी की रोगी कल्याण समिति बैठक में स्वास्थ्य संकेतकों की गहन समीक्षा

सीतामढ़ी |विशाल समाचार 

सदर अस्पताल सीतामढ़ी में स्वास्थ्य सेवाओं में गिरावट को लेकर जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडे ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। शनिवार देर शाम सदर अस्पताल के प्रशासनिक कक्ष में आयोजित रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय की बैठक में उन्होंने प्रसव, सिजेरियन ऑपरेशन, अल्ट्रासाउंड तथा एएनसी जांच की संख्या में लगातार हो रही कमी पर अस्पताल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि दोनों पालियों में ओपीडी का समय पर संचालन नहीं होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने इस संबंध में सभी जिम्मेदार डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।

डीएम ने सभी गर्भवती महिलाओं को गर्भधारण से लेकर प्रसव तक आवश्यकता अनुसार 24×7 अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एलएफटी, केएफटी सहित सभी प्रकार की जांच, मैटरनिटी ओटी, तथा 24×7 ईसीजी सुविधा सुनिश्चित करने, बिजली कटने के बाद भी सीटी स्कैन सेवा चालू रखने, अस्पताल परिसर को अतिक्रमण से मुक्त रखने तथा पार्किंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 27 जनवरी से सभी पैथोलॉजी सेवाएं और सभी ओपीडी मॉडल अस्पताल भवन में संचालित की जाएंगी। वहीं एमसीएच भवन के निचले तल पर एएनसी एवं प्रसव वार्ड को शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही एमसीएच एवं मॉडल अस्पताल भवन में लिफ्ट को नियमित रूप से चालू रखने का निर्देश भी दिया गया।

रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने ऑर्थो तथा नेत्र ऑपरेशन सेवाएं शीघ्र प्रारंभ कराने की आवश्यकता जताई। इसके साथ ही सभी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों एवं आगंतुकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी गई।

बैठक में जिला परिषद सदस्य विजय कुमार एवं नगर निगम पार्षद नसीम अंसारी सदस्य के रूप में उपस्थित थे। वहीं सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, एसीएमओ डॉ. जेड. जावेद, जिला देसी चिकित्सा पदाधिकारी, डीएस डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. एन.के. शाही, दिनकर पंडित, हरिशंकर पासवान, संदीप राय, कंचन पटेल, डीपीएम असित रंजन तथा अस्पताल प्रबंधक विजय झा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button