उत्तर प्रदेश

नहर की सिल्ट बनी हादसे की वजह, जसवंतनगर–बलरई मार्ग पर ट्रैक्टर पलटा, कार टकराई; दो गंभीर घायल

बलरई मार्ग पर ट्रैक्टर पलटा, कार टकराई; दो गंभीर घायल

नहर की सिल्ट बनी हादसे की वजह, जसवंतनगर–बलरई मार्ग पर ट्रैक्टर पलटा, कार टकराई; दो गंभीर घायल

जसवंतनगर (इटावा) विशाल समाचार 

जसवंतनगर से बलरई जाने वाले मार्ग पर शनिवार देर शाम ग्राम राजपुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नहर व माइनर (मंबा) की सफाई के बाद सड़क किनारे डाली गई सिल्ट हादसे की वजह बनी। सिल्ट में फंसकर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, इसी दौरान सामने से आ रही एक कार पलटे हुए ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम एक ट्रैक्टर जसवंतनगर से बलरई की ओर जा रहा था। ग्राम राजपुर के पास सड़क किनारे फैली नहर की सिल्ट में ट्रैक्टर का टायर फंस गया। बताया गया कि सिल्ट में पड़ी एक नुकीली लकड़ी टायर में फंसने से टायर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर पलट गया।

इसी दौरान बलरई की ओर से आ रही मारुति स्विफ्ट डिजायर कार पलटे हुए ट्रैक्टर से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार श्रीकांत पुत्र कमलेश और आनंद पुत्र अहवरन, निवासी जुगोरा, जसवंतनगर, गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना बलरई पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नहर की सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट को ठेकेदार द्वारा लापरवाहीपूर्वक सड़क किनारे डाल दिया गया है। इससे इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है और आए दिन फिसलन व दुर्घटनाओं की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button