
सीतामढ़ी में सघन वाहन जांच अभियान, अपराधियों पर कड़ी नजर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी : पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर व्यापक स्तर पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात, डिक्की एवं संदिग्ध सामानों की जांच की जा रही है। बिना वैध कागजात वाले वाहन चालकों पर विधिसम्मत कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और आम नागरिकों में सुरक्षा का माहौल बना रहे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा पुलिस जांच में सहयोग करें।



